श्रावस्ती। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इकौना का रविवार शाम सीएमओ ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्हें इमरजेंसी वार्ड में कोई भी चिकित्सक व फार्मासिस्ट उपस्थित नहीं मिला। वहीं कई अन्य कर्मचारी बिना पूर्व सूचना के मुख्यालय से नदारद मिले। इस पर सीएमओ ने चिकित्साधिकारी सहित सात लोगों का वेतन रोकते हुए उनसे स्पष्टीकरण तलब किया है।
सीएमओ डॉ. वीके सिंह रविवार शाम करीब छह बजे सीएचसी इकौना पहुंचे। जिनके द्वारा सबसे पहले चिकित्सालय के इमरजेंसी वार्ड का निरीक्षण किया गया। इस दौरान इमरजेंसी वार्ड में कोई भी चिकित्सक व कर्मचारी उपस्थित नहीं था। वार्ड में ड्यूटी लिस्ट लगी थी। जिसमें डा. प्रमोद कुमार चिकित्साधिकारी व रवि त्रिपाठी फार्मासिस्ट की ड्यूटी थी लेकिन दोनों उपस्थित नहीं थे। डॉक्टर करीब 15 मिनट बाद वार्ड में पहुंचे। सीएमओ ने दोनाें का वेतन अग्रिम आदेशों तक रोक दिया है।
इमरजेंसी वार्ड के दस्तावेज के अनुसार नौ मरीज भर्ती होने चाहिए थे। जबकि निरीक्षण में मात्र पांच मरीज ही भर्ती मिले। मुन्नी पत्नी करिया का प्रसव सुबह 10 बजे हुआ था। वार्ड में पलंग पर चद्दर नहीं थी। साथ ही वहां काफी गंदगी दिखी। संगीता पत्नी पवन कुमार निवासी सोनरई का प्रसव सुबह सात बजे हुआ था। वार्ड में आईवी सेट दीवार पर चढ़ाकर लटके मिले।
उपस्थिति पंजिका देखने पर पता चला कि डॉ. जावेद अहमद चिकित्साधिकारी अगस्त में 1, 2 व 3 तारीख को आकस्मिक अवकाश पर थे। इसके बावजूद वह अब तक नदारद हैं। डा. जावेद का अगस्त का वेतन अग्रिम आदेशों तक बाधित कर दिया है। सीएचसी अधीक्षक डॉ. अजय कुमार मिश्रा 14 अगस्त से अनुपस्थित मिले। मुख्यालय छोड़ने के बारे में उनके द्वारा सीएमओ से अनुमति नहीं ली गई थी। जिनका अनुपस्थित अवधि का वेतन बाधित कर दिया है।
संविदा कर्मचारियों की उपस्थिति पंजिका देखने पर पता चला कि बीएएम मकरध्वज 9, 10, 13, 14, 15, 16 व 17 अगस्त को अनुपस्थित थे। जिनका सात दिन का वेतन अदेय कर दिया। अनीश कुमार आयुष्मान मित्र 12 अगस्त को अनुपस्थित थे। एनबीएसयू में तैनात पूनम शर्मा स्टाफ नर्स 1, 14, 15, 16 व 17 अगस्त को अनुपस्थित मिलीं। इन तीनों का अनुपस्थित अवधि का वेतन अदेय किया है।
अनुराधा देवी पत्नी रामजी निवासी नरायनजोत का प्रसव 102 एंबुलेंस में ही हो गया था। स्टाफ नर्स जागृति द्वारा मरीज को एंबुलेंस में अटेंड किया गया था। मरीज पीपीएच का था। जागृति द्वारा मरीज को डिलीवरी वार्ड में ले जाना था तथा उसके उपरांत लेवर रूम में भर्ती कराया जाना था। एनबीएसयू वार्ड में तैनात तेतरी देवी स्टाफ नर्स भी अनुपस्थित मिलीं।
लेबर रूम में जगवंती देवी स्टाफ नर्स इंचार्ज की ड्यूटी थी। वह रविवार को अनुपस्थित मिली। वार्ड में बीएचटी नहीं मिला। पूछने पर पता चला कि तीन दिन पहले खत्म हो गयी है। स्टॉक बुक में 150 इंजेक्शन जेन्टामाईसिन पाई गई, लेकिन चढ़ी 61 ही मिली। इस पर सीएमओ ने अधीक्षक से सभी संबंधित चिकित्साधिकारी व कर्मचारियों का स्पष्टीकरण प्राप्त कर निरीक्षण आख्या में इंगित कमियों का निराकरण कराने तथा अनुपालन आख्या तीन दिन के अंदर सीएमओ कार्यालय को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
Previous Post Next Post