आज दिनांक 20/8/2019/ को जनपद हाथरस जिले के कुछ भाजपा नेताओं और प्रशासन ने मिली भगत से षड्यंत्र करके क्षेत्रीय जननेता श्री सेक्रेटरी सिंह यादव को जेल भेजने का काम किया है। जो भी कार्यकर्ता आम समाज की बात उठाता है उसी का दमन करने के प्रयास किये जाते हैं। उक्त बातें एक प्रेस वार्ता के दौरान कर्मयोग सेवा संघ के अध्यक्ष विवेकशील राघव ने कहीं।
राघव ने कहा कि जनता की बात उठाने का दायित्व जिन पर है वे आज प्रशासन की चापलूसी करने में ही अपना कर्तव्य समझते हैं। जनहित के किसी मुद्दे को लेकर किसी नेता द्वारा बात न किया जाना भाजपा के सुशासन के दावों को पटल पर कमजोर कर रहा है। कुछ अयोग्य और अवसरवादी लोग सत्तासुख और दलाली करने भाजपा में आ गए हैं जिन्हें कोई भी स्वच्छ छवि का कार्यकर्ता पसन्द नहीं है। श्री सेक्रेटरी सिंह यादव लम्बे समय से भाजपा से जुड़े हुए हैं और हजारों की संख्या में सदस्य बनाने का उन्हें गौरव प्राप्त है उनके साथ इस प्रकार का व्यवहार कर जेल भेजा जाना घोर आपत्तिजनक है। उन्हें भाजपा कार्यकर्ता के रूप में अस्वीकार करने का का भाजपा जिला अध्यक्ष का बयान उनकी अयोग्यता और किन्हीं हाथों में खेलने का परिचायक है।
विवेकशील राघव ने बताया कि उन्होंने आज जिला कारागार अलीगढ़ जाकर सेक्रेटरी सिंह यादव से मुलाकात की। मुलाकात के दौरान श्री यादव ने बताया कि उनके द्वारा किसी भी प्रकार के आत्मदाह की धमकी नहीं दी गई थी। उनके द्वारा कुछ अधिकारियों की जाँच कराने की माँग की जा रही थी जिससे कुपित होकर उन्हें जेल भेजा गया है। भाजपा नेताओं और प्रशासनिक अधिकारियों को जनाक्रोश को गंभीरता से समझना चाहिए। प्रेस वार्ता के दौरान कुलवीर यादव, दीपेश बाल्मीकि, अरविंद यादव, उमेश कुमार, सत्यपाल बाल्मीकि सहित दर्जनों लोग उपस्थित रहे।
