गोंडा। मालवीय नगर में स्थित झूलेलाल धर्मशाला में चल रहे झूलेलाल महोत्सव में सोमवार की देर फायरिंग कर दी गई। एक पूर्व ग्राम प्रधान ने बेटे संग पहुंचकर सिंधी समाज के लोगों से अभद्रता की। विरोध करने पर दो युवकों को जमकर पीटा।
पूर्व ग्राम प्रधान ने महोत्सव न होने देने की धमकी भी दी। फायरिंग की सूचना पर पहुंची पुलिस ने पूर्व ग्राम प्रधान को गिरफ्तार कर लिया। मामले में सिंधी समाज के मुखिया ने कोतवाली नगर में पूर्व ग्राम प्रधान व उसके बेटे के खिलाफ जानलेवा हमला करने समेत विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
सिंधी समाज के मुखिया राजकुमार ठक्कुर ने बताया कि 21 अगस्त की रात धर्मशाला के सामने स्थित परिसर में कार्यक्रम होना है और 23 अगस्त को शोभायात्रा निकलनी है। सोमवार को धर्मशाला में आरती समेत अन्य कार्यक्रम चल रहा था।
इसी बीच देर रात तकरीबन 11 बजे मालवीय नगर के रहने वाले पूर्व ग्राम प्रधान मनोज द्विवेदी और उनका बेटा श्रेयांश द्विवेदी उर्फ गोलू द्विवेदी धर्मशाला में आ गए और लोगों से अभद्रता करने लगे। विरोध करने पर रॉबिन ठक्कुर व सनी लालवानी को मारने-पीटने लगे।
जब लोग बचाने दौड़े तो लाइसेंसी रिवाल्वर निकाल ली और रॉबिन व सनी को धमकाते हुए रिवाल्वर से फायर कर दिया। दोनों बाल-बाल बच गए। फायरिंग की सूचना पर पहुंचे कोतवाल नगर ने आरोपी पूर्व ग्राम प्रधान मनोज द्विवेदी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका बेटा गोलू भाग निकला।
राजकुमार ठक्कुर ने कोतवाली नगर में मनोज द्विवेदी व उसके बेटे श्रेयांश उर्फ गोलू के खिलाफ जानलेवा हमले समेत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कराया है। कोतवाल नगर आलोक राव ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है, आरोपी पूर्व ग्राम प्रधान को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके बेटे की तलाश की जा रही है।
Previous Post Next Post