बेकाबू कार पलटने से दारोगा की मौत

 पीलीभीत: दियोरिया कलां कोतवाली में तैनात दारोगा पुष्पेंद्र कुमार की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। दारोगा बीसलपुर से एक मुकदमे की विवेचना कर अपनी निजी कार से वापस लौट रहे थे, तभी रास्ते में उनकी कार अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे खाई में पलट गई। वह गंभीर रूप से घायल हो गए। जिला चिकित्सालय ले जाते समय रास्ते में उन्होंने दम तोड़ दिया। यह हादसा बुधवार की शाम हुआ है।

गाजियाबाद जनपद के कविनगर थाना क्षेत्र के गांव रहीसपुर निवासी पुष्पेंद्र कुमार सिंह दियोरिया कोतवाली में तैनात थे। वह शाम बीसलपुर से किसी मुकदमे की विवेचना कर निजी कार से दियोरिया कलां लौट रहे थे। उनकी कार जैसे ही पिपरिया संजरपुर गांव के नजदीक पहुंची, तभी विपरीत दिशा से आ रहे एक वाहन को बचाने के चक्कर में उनकी कार बेकाबू होकर सड़क किनारे स्थित खाई में पलट गई। कार में सवार उपनिरीक्षक पुष्पेंद्र कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद आसपास के तमाम ग्रामीण एकत्र हो गए। उन्होंने इस दुर्घटना की सूचना तत्काल कोतवाली दियोरिया के प्रभारी निरीक्षक संजीव उपाध्याय को दी। जिसके बाद प्रभारी निरीक्षक फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। आनन फानन में सरकारी एंबुलेंस के माध्यम घायल दारोगा को बीसलपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां उनकी हालत गंभीर होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया है। बरखेड़ा के नजदीक दारोगा ने दम तोड़ दिया। जिला चिकित्सालय के डॉक्टर ने दारोगा को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर सीओ सिटी प्रवीण सिंह मलिक, सीओ बीसलपुर धर्म सिंह मार्छाल, इंस्पेक्टर सदर कोतवाली श्रीकांत द्विवेदी आदि भी जिला अस्पताल पहुंच गए। पुलिस अधीक्षक अभिषेक दीक्षित ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच करने का निर्देश दे दिया गया है। साथ ही दिवंगत दारोगा के परिजनों को सूचित कर दिया गया है।
खास रिपोर्ट भूपेन्द्र शर्मा पीलीभीत
Previous Post Next Post