पचपेड़वा (बलरामपुर)। पचपेड़वा नगर के निकट जूड़ीकुइयां में स्थित इंडेन गैस एजेंसी के पीछे तथा अन्य स्थानों से अब तक 1544 खाली रसोई गैस सिलेंडर बरामद हो चुकी है। पूर्ति विभाग के तीन निरीक्षकों की टीम मामले की जांच कर रही है। एजेंसी को सील कर दिया गया है। सिलेंडर किस योजना के हैं और इतनी मात्रा में खाली क्यों रखे हैं इसका पता अभी नहीं चल सका है।
डीएम कृष्णा करूणेश के निर्देश पर शनिवार शाम जूड़ीकुंइया स्थित भार्गव इंडेन गैस एजेंसी पर पूर्ति विभाग तथा पुलिस की टीम ने छापा मारा था। शाम को एजेंसी परिसर के पीछे झाड़ियों तथा खेत में रखे करीब 500 खाली रसोई गैस सिलेंडर बरामद हुए थे। डीएम के निर्देश पर रविवार को मामले की जांच तीन पूर्ति निरीक्षकों की टीम कर रही है।
इस टीम में पूर्ति निरीक्षक पचपेड़वा रामवृक्ष यादव, पूर्ति निरीक्षक बलरामपुर इन्द्रभान तथा पूर्ति निरीक्षक उतरौला गिरीश चन्द्र वर्मा शामिल है। पूर्ति निरीक्षक पचपेड़वा रामवृक्ष यादव ने बताया कि रविवार शाम तक अलग-अलग स्थानों से कुल 1544 से अधिक खाली रसोई गैस सिलेंडर बरामद हो चुके हैं। एजेंसी को सील कर दिया गया है।
इतनी मात्रा में खाली सिलेंडर किस योजना के हैं और यह इतने दिनों से खाली क्यों रखे हैं इस बात की जांच की जा रही है। प्रपत्रों का मिलान किया जा रहा है। जांच के बाद ही पता चलेगा कि मामला क्या है। कुल मिलाकर सिलेंडर बरामदगी का मामला सुलझने के बजाए उलझता जा रहा है।
*रिपोर्ट:-शिवम गुप्ता मंडल मीडिया प्रभारी देबीपादन मंडल गोण्डा*
