आरसी मिशन पुलिस की मनमानी, लूट की वारदात को चोरी ही मानी
तहरीर में हो गया खेला
-थाना आरसी मिशन में शर्मसार हो रहा मिशन शक्ति अभियान
थाना राम चंद्र मिशन क्षेत्र में मिशन शक्ति अभियान शर्मसार होता नजर आ रहा है। मुख्यमंत्री की सर्वोच्च प्राथमिकता वाले मिशन शक्ति अभियान की थाना रामचंद्र मिशन में तैनात पुलिसकर्मी लगातार धज्जियां उड़ाते नजर आ रहे हैं। ग्राम प्रधान मिश्रीपुर माया देवी के घर पर वह हमले में 15 दिन बीत जाने के बावजूद भी गिरफ्तारी नहीं की गई। अब रोजा पावर प्लांट कर्मी सुधीर त्रिवेदी की अनुपस्थिति में उनकी पत्नी सफेदी देवी के साथ हुई लूटपाट के मामले में भी पुलिस ने खेला कर दिया। मामला लूटपाट का था। सफेदी चिल्ला चिल्ला कर घटनाक्रम बता रही थीं। सोशल मीडिया पर भी सुर्खियां बना, लेकिन रिपोर्ट चोरी की धाराओं में दर्ज की गई। अहम बात यह है कि घटना के दूसरे दिन भी पुलिस के हाथ खाली हैं।
26 फरवरी की रात करीब तीन बजे थाना रामचंद्र मिशन क्षेत्र के मोहल्ला ताहवरगंज निवासी रोजा पावर प्लांट कर्मी सुधीर कुमार त्रिवेदी के घर में शस्त्रों से लैस तीन बदमाश घुस आए थे। बदमाशों ने तमंचे की नोक पर उनकी पत्नी सफेदी देवी और पुत्र सिद्धांत को बंधक बनाकर एक लाख 60 हजार का माल लूट लिया था। सफेदी देवी लगातार अपने साथ शस्त्रों के नोंक पर लूटपाट का जिक्र करती रहीं। सोशल मीडिया पर भी इस संबंध वीडियो वायरल हुआ, पर पुलिस ने नाकामी छिपाने के लिए घटनाक्रम को चोरी के धाराओं में दर्ज किया है। वारदात को हुए 24 घंटे से भी अधिक बीत जाने के बाद भी पुलिस किसी नतीजे पर नहीं पहुंच चुकी है। प्रभारी निरीक्षक थाना रामचंद्र मिशन रवि कुमार ने बताया कि घटना के संबंध में तीन चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। अभी तक कोई खास सुराग हाथ नहीं लग सके हैं। प्रयास किया जा रहा है कि आरोपियों को गिरफ्तार कर माल बरामद किया जाए।
खास रिपोर्ट तौफीक रजा शाहजहांपुर