वर्णी जी ने देशभर में जलायी शिक्षा की अलख :- अंतरमति माता जी
मडावरा(ललितपुर) वर्णीनगर मडावरा में आचार्य श्रेष्ठ 108 विद्यासागर महाराज की परम प्रभावक शिष्या प्रतिभा स्थली प्रणेता आर्यिका रत्न 105 आदर्शमति माता जी की संघस्थ आर्यिका श्री अंतरमति माता जी ससंघ के पावन सानिध्य में वर्ष 2021 का चातुर्मास नगर की ह्रदय स्थली श्री महावीर विद्या बिहार में आयोजित हो रहा है।
चातुर्मास में पर्यूषण पर्व सानंद सम्पन्न हुए।चातुर्मास समिति के महामंत्री डां० राकेश सिंघई ने बताया कि महरौनी नगर में आर्यिका रत्न 105 विज्ञानमति माता जी चातुर्मासरत हैं। दशलक्षण पर्व में श्रावक संस्कार साधना शिविर का आयोजन किया गया जिसमें श्रावक,श्राविकाओं ने सोलह,दस दिनों का उपवास भी रखा। उन्हीं श्रावक व श्राविकाओं ने आज मडावरा नगर में आकर आर्यिका श्री अंतरमति माता जी से आर्शीर्वाद लिया। बताते चलें दशलक्षण पर्व के दिनों में उपवास करने वाले श्रावक व श्राविकाओं का पुराना बाजार प्रांगण नेमिनाथ जिनालय से एक भव्य शोभायात्रा निकाली निकाली गई।
जिसमें मडावरा व महरौनी नगर के उपवास करने वाले व्रती सम्मिलित हुए।यह जुलूस नगर में भ्रमण करते हुए श्री महावीर विद्या विहार के परिसर में पहुंचा। वहां पर रविवारीय सामूहिक पूजन में आचार्य श्रेष्ठ का सुसज्जित अष्ट मंगल द्रव्य से पूजन किया गया।इस दौरान धर्मसभा को संबोधित करते हुए आर्यिका श्री अंतरमति माता जी ने कहा कि व्रत,उपवास करने से ही संयम के पथ पर चलने का रास्ता खुल जाता है।
उपवास कर्म निर्जरा का प्रमुख साधन है। उपवास आत्मा को शक्ति प्रदान करता है,अगर आत्मा को सुख हो तभी धर्म हो सकता है। उन्होंने कहा कि गणेश प्रसाद वर्णी जी ने सम्पूर्ण देश में शिक्षा की अलख जगाकर शिक्षा की ज्योति सम्पूर्ण देश में जलायी थी।बुंदेलखंड की पवित्र माटी में जन्में गणेश प्रसाद वर्णी ने देश में शिक्षा की अलख जगाकर भारतदेश में बुंदेलखंड का नाम रोशन किया।वह बीसवीं शताब्दी के पूर्वार्ध में जैन समाज एवं बुंदेलखण्ड क्षेत्र में शिक्षा के प्रचारक-प्रसारक, निर्भीक, दृढ़निश्चयी, कुरीतियों के
विरोधी,सामाजिक-सौहार्द के लिए अपना जीवन समर्पित कर देने वाले महापुरुष थे। आर्यिका श्री ससंघ के सानिध्य में महरौनी व मडावरा के 45 उपवासक व्रतियों का सम्मान दिगम्बर जैन समाज मडावरा एवं चातुर्मास समिति के अध्यक्ष राजेंद्र व्या,संतोष बजाज,मंत्री सुमत मोदी,कोषाध्यक्ष नीलेश जैन,प्रकाश सेठी,सुरेंद्र जैन,शनि सोंरया,स्वागताध्यक्ष राजीव सौंरया,शिखरचंद्र जैन,पंचम जैन,रानू जैन एवं जैन युवा जागृति सेवा संघ के सदस्यों द्वारा किया गया।कार्यक्रम का संचालन धर्मेंद्र सराफ,प्रदीप जैन खुटगुंवा ने किया।
फोटों कैप्सन :-
01- आर्यिका संघ से आर्शीर्वाद लेते हुए व्रती श्राविकाएं
02- धर्मसभा को संबोधित करते हुए आर्यिका श्री अंतरमति
*पं रामजी तिवारी मडावरा*
*जिला ब्यूरो क्राइम खुलासा न्यूज़ ललितपुर*